कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि शिवकुमार यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों से मिलना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया क्योंकि सोनिया शिमला में थीं। शिवकुमार आज उनसे मिल सकते हैं। मंगलवार को बेंगलुरु से रवाना होते समय ही शिवकुमार ने अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। उन्होंने कहा था, 'भगवान (पार्टी) और मां (सोनिया) को पता होता है कि बच्चों को क्या चाहिए। मैं मंदिर में अपने भगवान से मिलने जा रहा हूं। मैं अकेले जा रहा हूं। महासचिव ने मुझे अकेले आने के लिए कहा था। हमें कांग्रेस को मजबूत करना है... मां अपने बच्चे को सब कुछ देती है।' इससे पहले सोमवार को कर्नाटक के तीन पर्यवेक्षकों ने खरगे को रिपोर्ट सौंपी थी। पांच घंटे तक पार्टी नेताओं के बीच चर्चा चली। बताया गया कि ज्यादातर विधायकों ने सिद्धा को सीएम बनाने का समर्थन किया है। अब कर्नाटक ही नहीं, देशभर के लोगों की नजरें आज कांग्रेस की बैठक पर लगी हैं, जहां से राज्य के नए सीएम पर फैसला होने वाला है।
