बंपर कमाई के साथ मुकेश अंबानी के करीब पहुंचे गौतम अडानी 100 अरब डॉलर क्लब में वापसी
Updated on
08-02-2024 02:15 PM
नई दिल्ली: अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर 100 अरब डॉलर क्लब में शामिल हो गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 2.73 अरब डॉलर की तेजी आई और यह 101 अरब डॉलर पहुंच गई। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी पहली बार 100 अरब डॉलर क्लब में शामिल हुए हैं। अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने पिछले साल 24 जनवरी को अडानी ग्रुप के बारे में एक रिपोर्ट जारी की थी। इसमें अडानी ग्रुप पर शेयरों की कीमत में हेरफेर समेत कई तरह के आरोप लगाए गए थे। अडानी ग्रुप ने इन आरोपों को खारिज किया था लेकिन इस कारण ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। ग्रुप का मार्केट कैप भी आधे से कम रह गया था। लेकिन हाल के दिनों में अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी आई है। अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में बुधवार को लगातार आठवें दिन तेजी आई। कंपनी ने पिछले हफ्ते अपना रिजल्ट जारी किया था। कंपनी का प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 130 परसेंट उछला है।
इसके साथ ही अडानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 16.4 अरब डॉलर की तेजी आई है। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी की नेटवर्थ में 80 अरब डॉलर से अधिक गिरावट आई थी और यह 37.7 अरब डॉलर तक गिर गई थी। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी 11वें नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ 108 अरब डॉलर है। बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 1.01 अरब डॉलर की तेजी आई। इस साल उनकी नेटवर्थ 11.8 अरब डॉलर बढ़ी है। 100 अरब डॉलर क्लब में अभी 12 अरबपति शामिल हैं। इनमें नौ अमेरिका के, दो भारत के और एक फ्रांस का है।
कौन-कौन हैं टॉप 10 में
दुनिया के अमीरों की लिस्ट में एलन मस्क 205 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 24.5 अरब डॉलर की गिरावट आई है। जेफ बेजोस 196 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में फ्रांसीसी बिजनसमैन बर्नार्ड आरनॉल्ट (186 अरब डॉलर) तीसरे, मार्क जकरबर्ग (169 अरब डॉलर) चौथे, बिल गेट्स (146 अरब डॉलर) पांचवें, स्टीव बालमर (143 अरब डॉलर) छठे, वॉरेन बफे (132 अरब डॉलर) सातवें, लैरी पेज (131 अरब डॉलर) आठवें, लैरी एलिसन (131 अरब डॉलर) नौवें और सर्गेई ब्रिन (125 अरब डॉलर) दसवें नंबर पर है। इस साल सबसे ज्यादा कमाई जकरबर्ग ने की है। उनकी नेटवर्थ में 40.5 अरब डॉलर की तेजी आई है।
नई दिल्ली: आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में थोड़ी देर में जानकारी देंगे। उससे पहले आज शेयर बाजार…
मुंबई: बेंगलुरु की हॉस्पिटल चेन चलाने वाली कंपनी मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज Manipal Health Enterprises के शेयर आज इश्यू प्राइस से 11% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए। यह जहां बीएसई पर…
मुंबई: विदेशी मुद्रा भंडार के मोर्चे पर भारत की स्थिति अभी कुछ बेहतर हुई है। यह लगातार चौथा सप्ताह रहा जबकि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी दिखी है।…
मुंबई: वेलोरा इम्पैक्ट लिमिटेड (BSE: 531257) ने इस साल की पहली तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस कंपनी को पहले प्रतीक्षा केमिकल्स लिमिटेड (Vellora Impact Ltd) के नाम से…
नई दिल्ली: अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता एल्युमीनियम मेटल (Vedanta Aluminium Metal) ने चालू वित्त वर्ष की जून (पहली) तिमाही के शानदार वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। मजबूत राजस्व वृद्धि…