हेली के सामने प्रेसीडेंशियल प्राइमरी बड़ी चुनौती
राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया में शामिल होने से पहले हेली को रिपब्लिकन पार्टी की 'प्रेसीडेंशियल प्राइमरी' में जीत हासिल करनी होगी, जो अगले साल जनवरी में होने का कार्यक्रम है। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पांच नवंबर, 2024 को होना है। निक्की हेली उर्फ निमरत निक्की रंधावा का जन्म प्रवासी पंजाबी सिख परिवार में हुआ था। हेली अमेरिका के पिछले तीन राष्ट्रपति चुनाव में किस्मत आजमाने वाले भारतीय-अमेरिकी नेताओं में शामिल हो गई हैं। इससे पहले साल 2016 में बॉबी जिंदल और 2020 में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने अपनी किस्मत आजमाई थी।
कौन हैं निक्की हेली
हेली का जन्म सिख माता-पिता अजीत सिंह रंधावा और राज कौर रंधावा के यहां हुआ था, जो 1960 के दशक में पंजाब से कनाडा गए और फिर अमेरिका आकर बस गए थे। जनवरी 2011 में 39 साल की उम्र में जब उन्होंने गर्वनर का पदभार ग्रहण किया, तब वह इस पद पर आसीन होने वाली अमेरिका की सबसे कम उम्र की गवर्नर थीं। उन्होंने दक्षिण कैरोलिना की पहली महिला गवर्नर बनकर इतिहास रचा। वह राज्य की पहली भारतीय-अमेरिकी गवर्नर भी थीं। जनवरी 2017 से दिसंबर 2018 तक, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के रूप में कार्य किया।
