पेट सफा और डॉ ऑर्थो
जुनेजा ने केश किंग को बेचने के बाद नए प्रोजेक्ट पर काम किया। इस बार कब्ज की समस्या पर फोकस किया। इस तरह उन्होंने अपना अगला ब्रांड पेट सफा बनाया। इस बार उन्होंने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को अपना ब्रांड एंबेसेडर बनाया और दुकानदारों को भारी मार्जिन दिया। पेट सफा भी एक सुपरहिट प्रॉडक्ट साबित हुआ। इसके बाद बारी थी जोड़ों के दर्द की दवा डॉक्टर ऑर्थो की। मशहूर गीतकार जावेद अख्तर इसके ब्रांड एंबेसेडर हैं। फिर उन्होंने कील मुहासों की दवा रूप मंत्रा लॉन्च की। इसमें प्रीति जिंटा को ब्रांड एंबेसेडर बनाया। इसके बाद भी उन्होंने सच्ची सहेली जैसे कई और ब्रांड बनाए। इसलिए जुनेजा को ब्रांड मशीन भी कहा जाता है।उद्यमी और इन्वेस्टर के अलावा संजीव जुनेजा मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं। उन्होंने IIM अहमदाबाद, इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, टाई, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट जैसी बड़ी संस्थानों में लेक्चर दिए हैं। आयुर्वेद के आधुनिक रूप को देश में पहचान दिलाने में भी उनका अहम योगदान है। साथ ही वह वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत जैसे कैंपेन के भी समर्थक रहे हैं। आज उनके प्रॉडक्ट्स लोगों की जरूरत बन गए हैं। दिलचस्प बात है कि संजीव जुनेजा ने यह काम बहुत कम समय में कर दिखाया। आज उनकी एसबीएस ग्रुप ऑफ कंपनीज का टर्नओवर अरबों में है।
