ब्रिटेन में ताकतवर है खालिस्तानी लॉबी
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम करने वाली खालिस्तानी लॉबी ब्रिटेन में काफी मजबूत है। पाकिस्तान के इशारे पर ये खालिस्तानी लंबे समय से भारतीय उच्चायोग को निशाना बनाते आए हैं। कई बार भारत विरोधी प्रदर्शनों में पाकिस्तानी नागरिकों के शामिल होने के सबूत भी सामने आ चुके हैं। ब्रिटिश सरकार इसे अभिव्यक्ति की आजादी मानती है। यही कारण है कि भारत के बार-बार कहने के बावजूद इन हमलावरों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती है। लेकिन, इस बार भारत ने ब्रिटिश उच्चायुक्त को तलब कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
कनाडा और अमेरिका में भी खालिस्तान समर्थक सक्रिय
ब्रिटेन के अलावा कनाडा और अमेरिका में भी अमृतपाल सिंह के समर्थक सक्रिय हो गए हैं। कनाडा के कई राजनेताओं ने ट्वीट कर अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। कुछ राजनेताओं ने तो भारत में मानवाधिकारों के हनन का भी आरोप लगाया है। अमेरिका के न्यूयॉर्क में अमृतपाल सिंह के समर्थन में रैली निकाली गई है। वहीं, खुद को संयुक्त राष्ट्र से जुड़े होने का दावा करने वाले एक सिख संगठन ने भी ट्वीट कर भारत के खिलाफ जमकर जगर उगला है।
