नई दिल्ली: दिवाली और छठ को लेकर उत्तर रेलवे (Northern Railway) के दिल्ली डिवीजन ने विशेष व्यवस्था की है। रेल प्रशासन ने इस साल 5 से 19 नवंबर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनों की 327 ट्रिप लगाने की व्यवस्था की है। इनमें वंदे भारत (Vande Bharat Express) से लेकर राजधानी एक्सप्रेस (Rajdhani Express) ट्रेनें तक शामिल हैं। स्पेशल ट्रेनों की लिस्ट में पहली बार वंदे भारत का नाम जुड़ रहा है। इससे पहले भी इस अवसर पर जन साधारण स्पेशल, मेल और एक्सप्रेस स्पेशल से लेकर राजधानी स्पेशल ट्रेन (Diwali Special Trains) तक चलाने की नजीर मिलती है।
उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सुखविंदर सिंह ने बताया कि अभी 61 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। 54 अतिरिक्त और ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव है। त्योहार के सीजन में पैसेंजरों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे सभी जरूरी इंतजाम कर रहा है। जरूरत पड़ने पर सुविधाओं में और इजाफा करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। ऐसा नहीं है कि यही व्यवस्था अंतिम है। स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। यदि और जरूरत पड़ी तो उसकी व्यवस्था भी की जाएगी।