राहुल बोले- खुफिया अधिकारियों ने दी थी जानकारी
राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज बिजनेस स्कूल के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खुफिया अधिकारियों ने उनसे बताया था कि आपका फोन रिकॉर्ड किया जा रहा है। कई विपक्षी नेताओं के फोन में पेगासस लगा हुआ है। विपक्षी नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर आपराधिक केस दर्ज करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई ऐसे मामलों में केस दर्ज हुए, जो बनता ही नहीं था। जिसका कोई मतलब भी नहीं था। लेकिन, हम अपना बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं को झूठे केस में फंसाने का भी आरोप लगाया।
लोकतंत्र को लेकर भी बरसे राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज में अपने भाषण में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के लिए नई सोच का आह्वान किया। राहुल ने अपने व्याख्यान में दुनिया में लोकतांत्रिक माहौल को बढ़ावा देने के लिए एक ऐसी नई सोच का आह्वान किया, जिसे थोपा नहीं जाए। उन्होंने कहा कि हम ऐसी दुनिया की कल्पना नहीं कर सकते, जहां लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं नहीं हों। हमें नई सोच की जरूरत है कि आप बलपूर्वक माहौल बनाने के बजाय किस तरह लोकतांत्रिक माहौल बनाते है।
