ICICI बैंक ने हाल ही में RuPay क्रेडिट कार्ड को UPI ट्रांजैक्शन के साथ इंटीग्रेट किया है। यूजर्स अब इसे अपनी पसंद के UPI ऐप से लिंक कर सकते हैं और फिर पर्सन-टू-मर्चेंट ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। ICICI बैंक ने अपने RuPay क्रेडिट कार्ड पर UPI ट्रांजैक्शन को सक्षम करने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के साथ कोलेबोरेशन किया है।
ICICI बैंक के रुपे कार्ड में कोरल रुपे कार्ड, HPCL सुपर सेवर और रूबिक्स शामिल है। ICICI बैंक के कार्ड हेड बिजिथ भास्कर ने कहा, 'UPI के साथ रुपे क्रेडिट कार्ड का इंटीग्रेशन ग्राहकों को 50 दिनों तक इंटरेस्ट फ्री क्रेडिट देकर बेहतर फाइनेंशियल लिक्विडिटी देता है। वहीं NPCI ने कहा, UPI को रुपे क्रेडिट कार्ड के साथ मर्ज करके, हम डिजिटल पेमेंट के परिदृश्य को नया आकार दे रहे हैं।
अन्य बैंक भी देते हैं रुपए कार्ड लिंकिंग की सुविधा
ICICI बैंक के अलावा अन्य बैंक भी रुपे कार्ड को UPI के साथ लिंक करने की सुविधा देते हैं। इससे पहले तक क्रेडिट कार्ड होल्डर्स को पेमेंट करने के लिए कार्ड स्वाइप करना पड़ता था। इससे छोटे पेमेंट कर पाना संभव नहीं था। वहीं जिन मर्चेंट्स के पास कार्ड स्वाइप मशीन नहीं है, वे कार्ड पेमेंट नहीं ले पाते थे, लेकिन अब वे भी UPI के क्यूआर के जरिए पेमेंट ले सकते हैं।'
कुछ अन्य बैंकों के रुपे कार्ड:
1. PNB सेलेक्ट क्रेडिट कार्ड
2. कोटक लीग रुपे क्रेडिट कार्ड
3. IDFC फर्स्ट पावर प्लस रुपे सेलेक्ट क्रेडिट कार्ड
4. IDBI विनिंग रुपे सिलेक्ट कार्ड
5. HDFC फ्रीडम रुपे क्रेडिट कार्ड
भारत का है रुपे कार्ड
रुपे कार्ड (RuPay Card) को नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने 2011 में डेवलप किया था। 8 मई 2014 को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भारत का अपना पेमेंट कार्ड 'रुपे' राष्ट्र को समर्पित किया था। इसका उद्देश्य देश में पेमेंट सिस्टम को बढ़ाना है। देश के सभी प्रमुख बैंक रुपे डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जारी करते हैं।
21 सितंबर 23 को शुरू हुई थी क्रेडिट कार्ड को UPI से लिंक करने की सुविधा
ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल में 21 सितंबर को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रूपे क्रेडिट कार्ड को UPI नेटवर्क पर लॉन्च किया था।
इससे पहले तक UPI नेटवर्क से केवल डेबिट कार्ड और अकाउंट लिंक किए जा सकता था। इसकी शुरुआत तीन बैंकों पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक के कार्ड से हुई थी।