टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा पावर लिमिटेड ने आज यानी शुक्रवार (9 फरवरी) को फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। Q3FY24 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना (YoY) आधार पर 2% बढ़कर 1,076.12 करोड़ रुपए रहा।
कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 1,052.14 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। ऑपरेशंस से Q3 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 6.2% बढ़कर 15,294.13 करोड़ रुपए रहा। पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में ये 14,401.95 करोड़ रुपए रहा था।
कंपनी का मार्केट कैप 1.25 लाख करोड़ रुपए
नतीजे आने के पहले टाटा पावर का शेयर शुक्रवार को 3.76% की गिरावट के साथ 392.45 रुपए पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.25 लाख करोड़ रुपए है।
12-24 महीनों में कुल क्लीन एनर्जी कैपेसिटी 10,000 MW होगी
मुख्य व्यवसाय लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे
टाटा पावर के CEO और MD प्रवीर सिन्हा ने कहा, हमारे मुख्य व्यवसाय लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इससे कंपनी को लगातार 17वीं PAT (प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स) ग्रोथ क्वार्टर हासिल करने में मदद मिली है। हमारा लगातार अच्छा प्रदर्शन हमारे मजबूत फंडामेंटल और प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन केपेबिलिटी को दिखाता है।
उन्होंने कहा, जैसा कि देश में बिजली की मांग में बढ़ोतरी देखी जा रही है, टाटा पावर अपने अत्याधुनिक और कॉस्ट इफेक्टिव क्लीन और ग्रीन एनर्जी सॉल्यूशन्स के साथ ग्रोथ मोमेंटम को भुनाने के लिए अच्छी स्थिति में है। टाटा पावर एक लीडिंग पावर कंपनी है।
टाटा पावर ने कहा, कंपनी विभिन्न तरीकों से काम कर रही है, जिसमें 13,000 करोड़ रुपए के निवेश के साथ 2.8 गीगावॉट पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट का डेवलपमेंट शामिल है, ताकि उपभोक्ताओं के सभी वर्गों को 24x7 डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी प्रदान की जा सके।