पीएम ने आगे कहा कि हमारे देश की वित्त मंत्री भी महिला हैं, वह कल एक और बजट लेकर देश के सामने आ रही हैं। आज की वैश्विक परिस्थिति में भारत के बजट की तरफ पूरे विश्व का ध्यान है। डांवाडोल विश्व की आर्थिक परिस्थिति में भारत का बजट भारत के सामान्य लोगों की आशाओं-आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेगा ही, लेकिन विश्व जो आशा की किरण देख रहा है... मुझे पूरा भरोसा है कि निर्मला जी इन अपेक्षाओं को पूर्ण करने का पूरा प्रयास करेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के नेतृत्व में एनडीए सरकार का एक ही मकसद रहा है- इंडिया फर्स्ट, सिटिजन फर्स्ट। सबसे पहले देश, सबसे पहले देशवासी। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए तकरार भी रहेगी लेकिन तकरीर भी तो होनी चाहिए। यह कहते हुए मोदी मुस्कुरा दिए।
पीएम ने आगे कहा कि मुझे विश्वास है कि हमारे विपक्ष के सभी साथी बड़ी तैयारी के साथ, बहुत बारीकी से अध्ययन करके सदन में अपनी बात रखेंगे। सदन देश के नीति निर्धारण में बहुत अच्छी तरह से चर्चा करके अमृत निकालेगा, जो देश के काम आएगा।
