राहुल और अडानी के मुद्दे पर हंगामा
इधर, बीजेपी सांसद भी नारेबाजी करते रहे- राहुल गांधी माफी मांगो, माफी मांगो। इस पर बिरला ने कहा, 'क्यों नारेबाजी कर रहे हो। नारेबाजी के लिए यह सदन नहीं है।' उन्होंने ये बातें सत्ता पक्ष के सांसदों से कहीं। वहीं, तख्तियां लेकर पहुंचे विपक्षी सांसदों से भी बिरला ने शांति बरतने की अपील की। जब कोई असर नहीं हुआ तो उन्होंने कहा, 'संसद चलाने का ये तरीका है? संसद ऐसे चलेगी? आप तख्तियां लेकर आ रहे हो। सदस्य तख्तियां रखिए। संसद में कोई तख्ती लेकर नहीं आता है।' इस बीच विपक्षी सांसद तख्तियां लहराते हुए 'We want JPC (हमे जेपीसी चाहिए) के नारे लगाते रहे।' ध्यान रहे कि विपक्ष हिंडनबर्ग रिपोर्ट में गौतम अडानी की कंपनियों में गड़बड़ी के दावों की जांच करवाने की मांग कर रहा है। विपक्ष इसी के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग कर रहा है। उसका आरोप है कि सत्ता पक्ष इसी मुद्दे से देश का ध्यान हटाने के लिए राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान को तिल से ताड़ बना रहा है।
