क्या कहता है सर्वे
हालांकि, सभी नौकरीपेशा लोग ईपीएफ द्वारा कवर नहीं होते हैं, न ही हर कोई सेवानिवृत्ति निधि में मूल वेतन का 12% योगदान देता है। ऐसे लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है, जो कंपनी के पेरोल पर नहीं हैं। कवर किए गए लोगों में से कुछ लोग ज्यादा पैसा अपने पास रखने के लिए ईपीएफ में 1,800 रुपये के न्यूनतम योगदान का विकल्प चुनते हैं। बैंकबाजार द्वारा एक सर्वेक्षण में ये बात सामने आई है। हाल के वर्षों में सेवानिवृत्ति लक्ष्यों की ओर खर्च किए जाने वाले धन में कमी आई है। सेवानिवृत्ति के लिए आवंटित बचत का प्रतिशत 2022 में 45% से गिरकर 2023 में 38% हो गया है। यह गिरावट ऐसे समय में आई जब देनदारियां बढ़ रही थीं। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, 2022-23 में परिवारों की वार्षिक वित्तीय देनदारियां जीडीपी का 5.8% तक पहुंच गईं, जबकि पिछले वर्ष यह 3.8% थीं।
इतने रुपयों की करनी होगी बचत
आज के मूल्य पर 50,000 रुपये की हर महीने की इनकम हासिल करने के लिए 60 साल की उम्र में रिटायरमेंट के बाद, एक 30 साल के शख्स को 90 साल की उम्र तक महंगाई के हिसाब से हर महीने इनकम बनाए रखने के लिए 7.5 करोड़ रुपये का कोष बनाना होगा। इसके लिए 10 फीसदी रिटर्न मानते हुए इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उन्हें हर महीने कम से कम 35,000 रुपये का निवेश करना होगा। आपको हर महीने कितनी बचत करने की जरूरत है यह आपके मौजूदा खर्चों, निवेश पर अपेक्षित रिटर्न और महंगाई पर निर्भर करता है। महंगाई रिटायर लोगों की सबसे बड़ी दुश्मन है। वेतनभोगी लोगों के विपरीत, जिनकी आय हर साल बढ़ती है, सेवानिवृत्त लोगों की आय निश्चित होती है, जबकि सामाना और सेवाओं की कीमतें बढ़ती रहती हैं।
