Select Date:

कौन हैं नंदिनी शर्मा, जिसने WPL 2026 में हैट्रिक ली, 5 विकेट चटकाए, जानिए उम्र से नेटवर्थ तक सबकुछ

Updated on 12-01-2026 12:28 PM
नई दिल्ली: विमेंस प्रीमियर लीग ( WPL 2026 ) में रविवार की रात बेहद रोमांचक रही। दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी ओवर में गुजरात जॉयंट्स की टीम से 4 रन की करीबी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इससे पहले यह मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। दिल्ली कैपिटल्स की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में इस डब्ल्यूपीएल सीजन की पहली हैट्रिक लगाई। साथ ही 5 विकेट भी चटकाए और अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कर लिया। इसके साथ ही नंदिनी हर जुबां पर चर्चा का कारण बन गई हैं। हर कोई उनके बारे में जानना चाह रहा है।

20वें ओवर में हैट्रिक के साथ लिए 4 विकेट

नंदिनी शर्मा ने गुजरात जायंट्स ( Gujarat Giants ) की पारी के 20वें ओवर की आखिरी तीन गेंद पर लगातार कनिका आहूजा, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका सिंह के विकेट चटकाकर अपनी हैट्रिक पूरी की। नंदिनी ने सबसे पहले कनिका को धीमी गेंद पर चकमा देकर स्टंप आउट कराया। इसके बाद गायकवाड़ को चौंका कर उनका मिडिल स्टंप उखाड़ दिया। फिर रेणुका को फुल लेंग्थ बॉल पर तेजी से गच्चा देते हुए एलबीडब्ल्यू करके ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की है। इससे पहले नंदिनी ने ओवर की दूसरी गेंद पर भी विकेट लिया था। इस तरह उन्होंने इस ओवर में 2 रन देकर 4 विकेट चटकाए हैं।

WPL में हैट्रिक लेने वाली चौथी गेंदबाज

नंदिनी शर्मा दिल्ली कैपिटल्स ( Delhi Capitals ) के लिए हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज और इस टूर्नामेंट में ऐसा करने वाली कुल चौथी गेंदबाज बन गई हैं। नंदिनी से पहले मुंबई इंडियंस की इस्सी वॉन्ग (Issy Wong) ने WPL 2023, यूपी वॉरियर्स की दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने WPL 2024 और यूपी वॉरियर्स की ही ग्रेस हैरिस (Grace Harris) ने WPL 2025 में हैट्रिक लेने का कारनामा किया है। नंदिनी ने हैट्रिक के साथ ही पारी में 33 रन देकर 5 विकेट लिए और एक WPL मैच में 5 विकेट चटकाने वाली महज 7वीं गेंदबाज बन गई हैं। वह बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस के लिहाज से अब WPL इतिहास में 5वें नंबर पर हैं। इन 7 गेंदबाजों में वह 5 विकेट लेने वाली महज दूसरी भारतीय गेंदबाज हैं। इससे पहले आशा शोभना ने यूपी वॉरियर्स के लिए 22 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।

'चंडीगढ़ गर्ल' हैं नंदिनी शर्मा

नंदिनी शर्मा का जन्म 20 सितंबर, 2001 को चंडीगढ़ में हुआ था। घरेलू क्रिकेट में चंडीगढ़ की तरफ से खेलने वाली इस 24 साल की तेज गेंदबाज की खूबी अहम मौके पर विकेट चटकाना है। साल 2025 की सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों में शामिल रही थी, जिसके चलते उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। यह उनके करियर का सबसे अहम मोड़ है। नंदिनी टी20 क्रिकेट में महज 7.5 के इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी करती हैं।

कितनी है नंदिनी शर्मा की नेटवर्थ

नंदिनी शर्मा को दिल्ली कैपिटल्स ने WPL 2025 के लिए 20 लाख रुपये में अपनी टीम के साथ जोड़ा था। नंदिनी की अनुमानित नेटवर्थ करीब 3 करोड़ रुपये है। इसमें उनकी WPL फीस के अलावा घरेलू क्रिकेट में खेलने के लिए मिलने वाली रकम और स्पॉन्सरशिप व ब्रांड प्रमोशन आदि से कमाई शामिल है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 21 July 2026
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के हाथों एक्स्ट्रा टाइम में मिली 0-1 की दर्दनाक हार के बाद अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी बेहद भावुक…
 21 July 2026
नई दिल्ली: स्पेन बनाम अर्जेंटीना फाइनल के बाद मैदान पर ऐसा मंजर देखने को मिला जिसमे खेल जगत को शर्मसार कर दिया। दोनों टीम के खिलाड़ी आपस में हाथापाई करते…
 21 July 2026
नई दिल्ली: हरमनप्रीत कौर ने अपनी कप्तानी में भारत को लॉर्ड्स में खेला गया एतिहासिक टेस्ट मैच जितवाया। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज…
 21 July 2026
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई टी20 और वनडे सीरीज के हर मुकाबले में नजर…
 20 July 2026
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में जहां एक तरफ विजेता टीमों का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज होता है, वहीं दूसरी तरफ उन टीमों का दर्द भी कम नहीं होता…
 20 July 2026
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने निको विलियम्स को 74वें में मैदान पर उतारा। वह स्टार्टिंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। विंगर की भूमिका में…
 20 July 2026
लंदन: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भले ही भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन हिटमैन रोहित शर्मा के अद्भुत…
 20 July 2026
लंदन: लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, रोहित शर्मा बेहतरीन लय में…
 20 July 2026
नई दिल्ली: भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा खत्म हो गया है। टी20 सीरीज में 4-0 से हारने के बाद टीम इंडिया वनडे सीरीज को भी नहीं जीत पाई। पहले मैच…
Advt.