काठमांडू : नेपाल में रविवार को एक दुखद हादसा हुआ। काठमांडू से पोखरा जा रहा येती एयरलाइंस का एक प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 72 लोग सवार थे और लगभग सभी मारे गए। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पोखरा में दुर्घटनाग्रस्त हुए प्लेन का पायलट विमान को जमीन पर उतारते समय विंग फ्लैप को पूरी तरह खोलने में विफल रहा होगा, जिसके कारण प्लेन क्रैश हो गया। लैंडिंग के समय विमानों की स्पीड कम करने के लिए और कंट्रोल बनाए रखने के लिए पंखों के पीछे फ्लैप लगे होते हैं। रविवार को हुई विमान दुर्घटना के पीछे का सटीक कारण अभी भी अज्ञात है जिसके लिए ब्लैक बॉक्स की जांच की जा रही है।