Select Date:

सलमान के घर के बाहर फायरिंग के 2 आरोपी गिरफ्तार:मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात से किया अरेस्ट

Updated on 16-04-2024 02:34 PM

एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। दोनों आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार देर रात गुजरात के भुज से अरेस्ट किया था। उन्हें मंगलवार दोपहर मुंबई लाया गया।

आरोपियों की पहचान विक्की साहेब गुप्ता और सागर श्रीजोगेंद्र पाल के तौर पर हुई है, जो बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे सूरत की नदी में फेंक दिया था।

इन दोनों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने 14 अप्रैल की सुबह 5 बजे फायरिंग की थी। दोनों बाइक पर सवार होकर आए और 4 राउंड फायर किए। फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

CCTV फुटेज में सलमान के घर के बाहर नजर आए दोनों आरोपी
एक CCTV फुटेज में दिख रहा है दोनों आरोपियों ने स्पोर्ट्स कैप पहन रखी है और कंधे पर बैग टांगा हुआ था। इस फुटेज में दोनों सलमान के घर की तरफ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी लॉरेंस गैंग का हिस्सा हैं। खान को लॉरेंस-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी।

फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस के भाई अनमोल ने एक ऑनलाइन पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी। उसने इस वारदात को ट्रेलर बताया और सलमान को वॉर्निंग दी। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। लॉरेंस कई हाई-प्रोफाइल लोगों के मर्डर के आरोप में इस वक्त तिहाड़ जेल में है।

पनवेल के एक अपार्टमेंट में रह रहे थे दोनों
दोनों आरोपी पनवेल के राधा कृष्ण अपार्टमेंट में रहते थे। यह भी संदेह जताया जा रहा है कि सलमान के घर पर हमले से पहले इन्होंने उनके लोनावला स्थित फार्म हाउस की रेकी भी की थी।

सलमान के घर से थोड़ी दूर मिली थी बाइक
पुलिस ने आरोपियों की एक बाइक भी जब्त की थी। इस बाइक को सलमान के घर से एक किमी दूर माउंट मैरी चर्च के पास छोड़ दिया गया था। पुलिस का कहना है कि ये बाइक पनवेल में रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पनवेल के असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर ने कहा कि व्यक्ति ने कुछ दिन पहले ही ये टू-व्हीलर बेचा था।\

बालकनी पर मिले गोली के निशान
सलमान के अपार्टमेंट के बालकनी पर फोरेंसिक टीम को गोली के 2 निशान मिले हैं। एक बाहरी दीवार पर और दूसरा बालकनी की दीवार पर। इस मामले में मुंबई पुलिस ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के 4 वॉचमैन के बयान दर्ज किए हैं, जो घटना के समय वहां मौजूद थे।

ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते हैं सलमान
सलमान बीते 40 साल से अपने परिवार के साथ इसी घर में रह रहे हैं। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर सलमान का घर है। वे यहां 1BHK L शेप अपार्टमेंट में अकेले रहते हैं। वहीं उनके पेरेंट्स 8 मंजिला गैलेक्सी अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं।

मार्च 2023 में लॉरेंस ने दी थी सलमान को धमकी
मार्च 2023 में लॉरेंस से धमकी मिलने के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है।

NIA ने कहा था कि खान उन 10 लोगों की लिस्ट में टॉप पर हैं, जिन्हें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस ने मारने की धमकी दी थी। 1998 में हुई काले हिरण के शिकार की घटना से समुदाय नाराज है, जिसका हवाला देते हुए लॉरेंस ने एक TV इंटरव्यू में सलमान को मारने की धमकी दी थी।

धमकी के बाद मिली Y+ सिक्योरिटी, 11 जवान साथ रहते हैं
सलमान के साथ पहले महाराष्ट्र पुलिस के जवान रहते थे, लेकिन धमकी मिलने के बाद उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। इस सुरक्षा घेरे में सलमान के साथ 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं। सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है।

इससे पहले कब-कब मिली धमकी

जून 2022 में मॉर्निंग वॉक पर निकले सलमान के पिता सलीम खान जब घर लौटे तब उन्हें एक अज्ञात पत्र मिला था, जिसमें उन्हें और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में लिखा था- 'तेरा मूसेवाला जैसा हाल बना देंगे सलमान खान।' इसके बाद सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया।

पिछले साल मुंबई पुलिस ने फोन कर सलमान को जान से मारने की धमकी देने वाले को हिरासत में लिया था। धमकी देने वाला 16 साल का एक नाबालिक था। उसने मुंबई पुलिस को एक कॉल के जरिए धमकी देते हुए अपना नाम रॉकी भाई बताया था। कहा कि वो राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और 30 अप्रैल को सलमान को मार देगा।

पिछले साल ही जोधपुर के रहने वाले धाकड़राम ने सलमान के ऑफिशियल मेल पर 3 ई-मेल किए थे। इसमें लिखा था कि सलमान खान अगला नंबर तेरा है, तू जोधपुर आते ही सिद्धू मूसेवाला की तरह मारा जाएगा।

जनवरी 2024 में सलमान खान के फार्म हाउस में 2 अनजान लोगों ने फेंसिंग के तार तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की थी। पुलिस ने जब पकड़ा तो दोनों ने खुद को सलमान का फैन बताया। उनके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए थे। इस वजह से दोनों पर FIR भी दर्ज की गई है। सलमान खान लॉरेंस गैंग के निशाने पर हैं।

अगले साल ईद पर रिलीज होगी 'सिकंदर'
सलमान खान ने हाल ही में ईद के मौके पर अपनी अगली फिल्म ‘सिकंदर’ की अनाउंसमेंट की थी। इस फिल्म को साउथ के मशहूर डायरेक्टर ए. आर. मुरुगदास डायरेक्ट करेंगे, जो इससे पहले ‘गजनी’, ‘हॉलीडे’ और 'अकीरा' जैसी हिंदी फिल्में डायरेक्टर कर चुके हैं। वहीं साजिद नाडियाडवाला इसके प्रोड्यूसर होंगे। प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला के साथ सलमान ‘जुड़वा’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘किक’ समेत कई हिट फिल्में दे चुके हैं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 05 August 2026
मुंबई: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर 'गूंगी गुड़िया' कहे जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस टिप्पणी को लेकर…
 05 August 2026
चेन्नई : कावेरी जल विवाद पर डीएमके के विरोध प्रदर्शन के दौरान तृषा पर विवादित टिप्पणी हुई। यह कॉमेंट तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री बेटे और डीएमके नेता ने की। मंगलवार…
 05 August 2026
बेंगलुरु : कर्नाटक के बेंगलुरु में एक पेट्रोल पंप मालिक ने कर्मचारियों की हेराफेरी पकड़ ली। पेट्रोल पंप पर कुछ कर्मचारियों ने डिस्पेंसर में इलेक्ट्रॉनिक चिप्स लगा रखी थी। जब…
 05 August 2026
नई दिल्ली, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी (NJA) ने एक गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक जजों को रेप, सेक्शुअल हैरेसमेंट जैसे मामलों की सुनवाई और फैसले लिखते…
 05 August 2026
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के आज सात साल पूरे हो गए। इस मौके पर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर, कुलगाम,…
 01 August 2026
अमरावती: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन किया। यह हवाई अड्‌डा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी)…
 01 August 2026
जंतर-मंतर पर पीएम मोदी को गाली देने वाली लड़की ने माफी मांग ली है। उसने वीडियो मैसेज में कहा, ‘मैं सिर्फ 15 साल की हूं, यह मेरी पहली और आखिरी…
 01 August 2026
श्रीनगर, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे पहलगाम जैसा हमला हुआ। आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे 2 हिंदू मजदूरों को नाम पूछकर गोली मार दी।…
 01 August 2026
बुलंदशहर: वही हुआ जिसका डर था। लोगों की दुआएं काम नहीं आईं। यूपी के बुलंदशहर में नाले में गिरी 11 साल की मासूम चारू कश्‍यप का शव शनिवार सुबह करीब…
Advt.