नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने आम बजट बुधवार को पेश कर दिया है। इस बजट में कई घोषणाएं की गईं। इनमें एक ऐलान डिजीलॉकर (Digilocker) को लेकर भी किया गया। दरअसल सरकार केवाईसी (Know Your Customer) की प्रक्रिया को सरल बनाने जा रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने बजट 2003 पेश करते हुए ऐलान किया था कि डिजीलॉकर (Digilocker) का दायरा बढ़ाया जाएगा। इस प्लेटफार्म पर व्यक्तिगत रूप से सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़े उद्यमों के लिए डिजीलॉकर की स्थापना की जाएगी। सरकार के इस फैसले से फिनटेक सेवाओं का फायदा होगा। इससे फिनटेक फर्म के खर्च को कम करने में भी मदद मिलेगी। वहीं इससे कारोबार में आसानी होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) के मुताबिक, आधार, पीएम जनधन योजना, वीडियो केवाईसी, इंडिया स्टैक और यूपीआई (UPI) के साथ डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से भारत में फिनटेक सेवाओं को सुविधा मिलती है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि डिजीलॉकर का दायरा इस तरह बढ़ाया जाएगा कि कंपनियों को अपने ग्राहक को जानने की औपचारिकताएं केवल एक बार पूरी करनी होंगी। इसका इस्तेमाल अन्य सेवाओं को भी सत्यापित करने के लिए भी किया जा सकता है।