फ्रांस ने पीएम मोदी को दिया अपना सबसे बड़ा सम्मान, भारतीय प्रधानमंत्री ने रचा नया इतिहास
Updated on
14-07-2023 02:11 PM
पेरिस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने देश के सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। गुरुवार की शाम पेरिस के एलीसी पैलेस में एक निजी रात्रिभोज के दौरान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया। भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत के लोगों की ओर से इस अद्वितीय सम्मान के लिए धन्यवाद।' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस पुरस्कार को भारत फ्रांस साझेदारी की भावना का गर्मजोशी से भरा प्रतीक बताया।
नरेंद्र मोदी फ्रांस की ओर से यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इस सम्मान के जरिए उन्होंने भारत के हिस्से एक और नया इतिहास जोड़ दिया है। फ्रांस ने इससे पहले ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से दुनियाभर के प्रमुख नेताओं और हस्तियों को सम्मानित किया है। इसमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली शामिल हैं। इससे पहले जून में मिस्र ने प्रधानमंत्री मोदी ऑर्डर ऑफ द नाइल से सम्मानित किया गया था।
फ्रांस की प्रधानमंत्री के साथ बैठक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत में बृहस्पतिवार को अपनी फ्रांसीसी समकक्ष एलिजाबेथ बोर्न और सीनेट अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर के साथ 'सार्थक' बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय देश के साथ भारत की दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी रणनीतिक साझेदारी को नयी गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की। इससे पहले, यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी प्रधानमंत्री बोर्न ने स्वागत किया। मोदी के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने आर्थिक और व्यापार, ऊर्जा, पर्यावरण, शिक्षा, रेलवे, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और लोगों से लोगों के संपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
भारतीय लड़ाकू विमान लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं। इस दौरान वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे। मोदी ने पेरिस में होटल में पहुंचने के बाद बच्चों और भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की। होटल के बाहर इंतजार कर रहे भारतीय समुदाय के उत्साही सदस्यों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। मोदी ने कहा, "पेरिस में भारतीय प्रवासियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दुनिया भर में, हमारे प्रवासियों ने अपनी पहचान बनाई है और उनके परिश्रम एवं मेहनती प्रकृति की प्रशंसा की जाती है।" बैस्टिल दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सेना के तीनों अंगों की 269 सदस्यीय टुकड़ी यहां पहुंची है। इसमें फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना के तीन राफेल लड़ाकू विमान भी हिस्सा लेंगे।
काठमांडू: नेपाल ने भारत से अनुरोध किया है कि वह नेपाली नागरिकों के बॉयोमेट्रिक राष्ट्रीय पहचान पत्र (Natioanl Identity Card) को यात्रा दस्तावेज के रूप में मान्यता दे। राजनयिक चैनलों…
तेहरान: होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले का ईरान का दांव कामयाब होता दिख रहा है। पिछले तीन दिनों के मैरीटाइम डेटा से पता चलता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से…
काठमांडू: नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबी लामिछाने अगस्त में चीन का दौरा कर सकते हैं। उन्हें कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) ने आमंत्रित किया है और…
बीजिंग: चीन पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही भारतीय विमानों को लेकर प्रोपेगैंडा फैला रहा है। चीनी मीडिया पिछले एक सवा साल से लगातार अपने रक्षा उपकरणों जैसे…
इस्लामाबाद: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा है कि कश्मीर मुद्दे से जुड़े किसी विवाद पर बात होगी तो वह पाकिस्तान के…
लंदन: स्वीडन की एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने दिल्ली में मजबूती से विरोध प्रदर्शन करने के लिए भारतीय छात्रों की तारीफ की है। लंदन के ट्रैफलगर स्क्वायर पर एसएफआई की रैली…