गूगल छोड़ने वालों की पूरी मदद करेंगे सुंदर पिचाई
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने अपने लेटर में कर्मचारियों से पूरी सहानुभूति जाहिर की है। उन्होंने लिखा है कि गूगल छोड़ने वाले लोगों की वह पूरी मदद करेंगे। सुंदर पिचाई ने गूगलर्स को संबोधित करते हुए कहा है कि कंपनी ने पिछले दो सालों में तेजी के दौर में हायरिंग की थीं। लेकिन आर्थिक रूप से देखें तो परिस्थितियां मौजूदा दौर से अलग थीं। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुंदर पिचाई ने अमेरिका के कर्मचारियों के लिए विशेषतौर पर छंटनी के दौरान दिए जा रहे पैकेज की जानकारी दी है। सुंदर पिचाई ने लिखा है कि अमेरिका में जिन कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है उन्हें 2022 के बोनस के साथ बाकी छुट्टियों के पैसे दिए जाएंगे। यही नहीं 60 दिनों का नोटिफिकेशन सैलरी भी दी जाएगी। छंटनी किए जा रहे कर्मचारियों को राहत देते हुए पिचाई लिखते हैं कि कंपनी 16 सप्ताह के वेतन के साथ जीएसयू भी देगा।
इस वजह से हो रही छंटनी
पिचाई ने कहा कि गूगल में कर्मचारियों को निकालने का फैसला संचालन की कठोर समीक्षा करने के बाद किया गया है। उन्होंने कहा कि नौकरियां अल्फाबेट, उत्पाद क्षेत्रों, संचालन, विभिन्न स्तरों और क्षेत्रों में कम की जा रही हैं। बता दें कि गूगल के अलावा अमेजन भी काफी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी कर रही है। अमेजन एक बार फिर से करीब 18,000 लोगों को काम से निकाल (Amazon layoff) सकती है। कंपनी ने इसके लिए कर्मचारियों को इंफार्म करना शुरू कर दिया है।
