लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। यहां से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 2004 से चुनाव लड़ती आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बार पार्टी सोनिया को राजस्थान से राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है।
दरअसल, 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर सोमवार शाम अहम मीटिंग हुई। इसमें सोनिया गांधी को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की खाली हो रही राज्यसभा सीट ऑफर करने पर चर्चा हुई।
प्रियंका गांधी ने आज तक कभी चुनाव नहीं लड़ा है। रायबरेली की सीट कांग्रेस की सबसे सुरक्षित सीट मानी जाती है। 1952 के पहले लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस यहां सिर्फ तीन बार हारी है।
सोनिया गांधी का राजनीतिक सफर
भाजपा दक्षिण भारत में कैंडिडेट्स की घोषणा पहले करेगी
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देना शुरू दिया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि विपक्षी दलों के कद्दावर नेताओं के संभावित चुनाव क्षेत्र के लिए नए चेहरे को उतारने की तैयारी है।
इनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, कनिमोई, अभिषेक बनर्जी, मल्लिकार्जुन खड़गे आदि के खिलाफ संभावित 3-3 प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। सबसे पहले दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रत्याशियों की सूची जारी होगी।
तेलंगाना में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ पार्टी की महिला मोर्चा की प्रवक्ता नादिमपल्ली यमुना पाठक को मैदान में उतारा जा सकता है। पूर्व क्रिकेटर एस. श्रीशंत को त्रिवेंद्रम से शशि थरूर के खिलाफ चुनाव लड़ाया जा सकता है।