रूम पार्टनर के खर्राटों से परेशान थे सलीम खान, पाई-पाई जोड़कर गैलेक्सी अपार्टमेंट में खरीदा था घर
Updated on
16-04-2024 03:10 PM
रविवार, 14 अप्रैल की सुबह जब सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग हुई, तो हर किसी का दिल दहल गया। दो बाइक सवार हमलावरों ने सलमान को उनके ही घर पर निशाना बनाने की कोशिश की थी। गनीमत थी कि तब एक्टर घर पर नहीं थे। सलमान खान गैलेक्सी अपार्टमेंट में पिछले 40 साल से रह रहे हैं। 2900 हजार करोड़ की नेट वर्थ होते हुए भी एक्टर ने कभी गैलेक्सी अपार्टमेंट वाले घर को छोड़कर कहीं और रहने के बारे में नहीं सोचा। सलमान गैलेक्सी अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं, जबकि दूसरी फ्लोर पर पापा सलीम खान और मां सलमा रहती हैं। लेकिन गैलेक्सी अपार्टमेंट का यह घर सलमान और उनके पैरेंट्स के लिए सिर्फ घर नहीं, बल्कि उन यादों का अनमोल पिटारा है, जिसे परिवार ने बरसों से संजोया है। इस घर तक पहुंचने में सलीम खान को बहुत मेहनत करनी पड़ी। खूब धक्के खाने पड़े। सलीम खान ने पाई-पाई जोड़कर गैलेक्सी अपार्टमेंट में आशियाना खरीदा था, जिसका एक दिलचस्प और दिल छू लेने वाला किस्सा है।
दरअसल जब Salim Khan इंदौर से मुंबई हीरो बनने आए, तो माहिम में रहने लगे। यहां वह एक गेस्ट हाउस में एक कमरा लेकर रहते थे। इस कमरे में दो बेड थे। एक बेड सलीम खान ने 55 रुपये के किराये पर लिया था और दूसरा बेड रूम पार्टनर के पास था। लेकिन रूम पार्टनर इतनी जोर-जोर से खर्रांटे लेता था कि सलीम खान की नींद खराब हो जाती थी। सलीम खान ने यह किस्सा बेटे अरबाज खान के शो में सुनाया था। सलीम खान को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर वह करें तो क्या करें। तब उन्होंने फैसला कर लिया था, जिस दिन ढंग से कमाने लगेंगे तो पहले अपने लिए एक बड़े से कमरे का इंतजाम करेंगे और फिर घर लेने के बारे में सोचेंगे।
घर लेना था, पैसे कमाने थे, इसलिए हर तरह के रोल किए
इसके बाद सलीम खान ने फिल्मों में जो रोल मिला, वही करना शुरू किया। उन्होंने प्रिंस सलीम नाम से फिल्मों में बेनाम और छोटे-छोटे रोल भी किए। पैसे कमाने के लिए वह बी-ग्रेड फिल्में तक करने लगे थे। एक तरफ सलीम खान फिल्मों में एक्टर बनने को बेताब थे, वहीं दूसरी ओर वह मुंबई में अपने लिए एक ऐसा घर चाहते थे जहां सुकून से रह सकें। लेकिन एक्टर बनकर सलीम खान कुछ खास नहीं कर सके। इस बात का अहसास भी उन्हें जल्दी ही हो गया। तब उन्होंने फिल्मों की कहानी लिखनी शुरू कर दी। वह स्क्रिप्टराइटर बन गए और किस्मत की चाबी खुल गई। सलीम खान की जावेद अख्तर के साथ सुपरहिट जोड़ी बनीं। दोनों ने मिलकर कई हिट फिल्मों की कहानी लिखी और खूब नोट छापे।
सुशीला चरक से कर ली शादी, ले लिया गैलेक्सी अपार्टमेंट में घर
उसी दौरान सलीम खान ने सुशीला चरक से शादी कर ली। तब तक सलीम खान के पास अच्छे-खासे पैसे हो गए थे, और उन्होंने गैलेक्सी अपार्टमेंट में एक फ्लोर खरीद लिया। इसी घर में सलमान खान, अरबाज और सोहेल का जन्म हुआ। जहां अरबाज और सोहेल तो बड़े होने के बाद अलग-अलग घर में शिफ्ट हो गए, वहीं सलमान ने उसी गैलेक्सी अपार्टमेंट में एक और फ्लोर खरीद लिया और अम्मी-पापा के साथ रहने लगे।
गैलेक्सी अपार्टमेंट से सलमान का खास रिश्ता
सलमान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि गैलेक्सी अपार्टमेंट में उनका घर ही नहीं, बल्कि पूरी बिल्डिंग उनके दिल के बहुत करीब है। इस घर की चारदीवारी और बिल्डिंग के हर कोने में उनके और भाई-बहन के बचपन की यादे हैं। सलमान जब छोटे थे तो बिल्डिंग के सारे बच्चे एक साथ खेलते थे और एकजुट रहते थे। कई बार वो साथ में सो भी जाते थे और किसी के भी घर जाकर खाना खा लेते थे। गैलेक्सी अपार्टमेंट 8 मंजिला बिल्डिंग है, जिसमें से दो फ्लोर पर सलमान और उनके पैरेंट्स रहते हैं।
गैलेक्सी अपार्टमेंट के लिए यह बोले थे सलीम खान
सिर्फ सलमान ही नहीं, बल्कि पिता सलीम खान भी गैलेक्सी अपार्टमेंट वाले घर को छोड़कर कहीं नहीं जाना चाहते। आखिर उन्होंने एक-एक पाई जोड़कर इसे खरीदा जो था। सलीम ने गैलेक्सी अपार्टमेंट को लेकर कहा था, 'मुझे इस जगह से बहुत लगाव है। अगर मैं कभी इस घर से निकल गया, तो मेरा दिल रोएगा। तब मैं खुशी से नहीं रह पाऊंगा।' सलीम खान ने कहा था कि वह ताउम्र उसी गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहना चाहेंगे। आज जिस घर में सलीम खान और सलमान रहते हैं, उसकी कीमत 100 करोड़ रुपये है।
एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना के साथ हाल ही शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि रश्मिका एक डांस सीक्वेंस…
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायणम्' का ट्रेलर गुरुवार, 30 जुलाई की सुबह रिलीज हुआ। ट्रेलर में फैंस ने रणबीर को परशुराम और भगवान राम, दोनों ही रोल्स में देखा। कोई भी…
'कुली', 'कैथी', 'विक्रम', 'मास्टर' और 'लियो' जैसी फिल्में डायरेक्ट करने वाले लोकेश कनगराज अब जल्द ही एक्टिंग करते नजर आएंगे। उनकी नई फिल्म 'डीसी द ब्लडी वैलेंटाइन' का ट्रेलर रिलीज…
श्वेता तिवारी के एक्स-हसबैंड राजा चौधरी ने हाल ही में एक्ट्रेस पर चौंकाने वाले आरोप लगाए थे। उन्होंने अपनी बेटी पलक तिवारी के बदले 93 लाख रुपये का फ्लैट लेने…
फिल्म प्रोड्यूसर शैलेंद्र सिंह ने सलमान खान के साथ हुई एक मीटिंग की एक अनोखी 'बिहाइंड-द-सीन्स' याद शेयर की है। उन्होंने बताया कि कैसे एक्टर ने उनके साथ बातचीत करते…