देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 8 और 9 दिसंबर को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होने जा रहा है। इसके लिए तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का उद्घाटन करने पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देहरादून पहुंचेंगे। इसको लेकर तैयारियों को पूरा कराया गया है। इस समिट में टाटा ग्रुप, अंबानी, अडानी के साथ-साथ लंदन, दुबई और अन्य कई देशों के निवेशक आएंगे। देहरादून के एफआरआई में आयोजित इस समिट को सफल बनाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार काम कर रहे हैं। पिछले एक साल से इन्वेस्टर समिट के आयोजन की योजना बनाई जा रही है। पिछले चार महीने में सीएम पुष्कर सिंह धामी और उनकी कैबिनेट के सदस्यों और अधिकारियों ने निवेशकों को आकर्षित करने की कोशिश की। उनकी मेहनत का नतीजा है कि प्रदेश को अब तक ढाई लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। धामी सरकार इस आंकड़े को बढ़ाने में जुटी है। सरकार की कोशिश निवेशकों को लाकर प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार की है।